बिलासपुर, 7 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में धर्मांतरण के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। डायल-112 में पायलट के रूप में कार्यरत एक व्यक्ति पर पड़ोसी परिवार पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और विरोध करने पर गुंडे बुलाकर मारपीट कराने का आरोप लगा है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा का है।

जानकारी के अनुसार, कुंदरापारा निवासी मोहितराम खांडे अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके पड़ोस में रहने वाला तोमन खांडे डायल-112 में पायलट के पद पर कार्यरत है। दोनों आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। आरोप है कि तोमन खांडे ईसाई धर्म अपनाने के लिए मोहितराम के परिवार पर लगातार दबाव बना रहा था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब परिवार ने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो होली के दिन तोमन खांडे ने बाहरी लोगों को बुलाकर उनके घर पर हमला कराया। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ भी की गई।
हालांकि, आरोपी तोमन खांडे ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा की मांग करते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों का कहना है कि घटना के बाद से वे करीब 12 दिनों से डर के कारण अपने घर वापस नहीं जा पा रहे हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि घटना के बाद जब पीड़ित थाने पहुंचे थे, उस समय धर्मांतरण की बात सामने नहीं आई थी। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद और रंजिश चल रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





