जांजगीर, 10 मार्च 2026। जिले के महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय डोंगाकोहरौद के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को गंभीर आरोपों के बाद निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने प्रैक्टिकल परीक्षा में 10 नंबर बोनस देने का लालच देकर छात्रों से स्कूल में रंगाई-पुताई का काम करवाया। साथ ही विद्यार्थियों के सामने हिंदू देवी-देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत मिली थी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने प्राचार्य को पद से पृथक करते हुए जांच के निर्देश दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि छात्रों से बोर्ड परीक्षा की फीस निर्धारित राशि से अधिक ली गई और रसीद मांगने पर उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा में देख लेने की धमकी दी गई।
जांच प्रतिवेदन में आरोपों की पुष्टि होने पर प्राचार्य कुंज किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का प्रस्ताव डीपीआई को भेजा।
डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने प्रस्ताव के आधार पर तत्काल प्रभाव से प्राचार्य को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जांजगीर-चांपा निर्धारित किया गया है।





