प्रमोद कुमार
रायपुर, 12 मार्च 2026

जाने-माने उद्योगपति नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली जिन्दल स्टील लिमिटेड को ओडिशा के क्योंझर जिले में दो प्रमुख लौह अयस्क ब्लॉकों के लिए ‘पसंदीदा बोलीदाता’ घोषित किया गया है। यह निर्णय ओडिशा सरकार द्वारा दिसंबर 2025 में अधिसूचित 12 खनिज ब्लॉकों की ऑनलाइन नीलामी के सफल समापन के बाद लिया गया।
पहला ब्लॉक ठाकुरानी-ए-1 है, जो लगभग 202 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इस ब्लॉक में जी-3 स्तर के लौह अयस्क की पुष्टि हुई है और अनुमानित भंडार 50 मिलियन टन है। जिन्दल स्टील ने इसके लिए सरकार को 101.20 प्रतिशत प्रीमियम देने का वादा किया है।
दूसरा ब्लॉक रेंगालाबेरहा उत्तर-पूर्व विस्तार और नुआगांव पश्चिम है, जो 84 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है। इसमें जी-2 स्तर तक के लौह अयस्क की पुष्टि हुई है और अनुमानित भंडार 38 मिलियन टन है। इस ब्लॉक के लिए कंपनी ने 111.15 प्रतिशत प्रीमियम देने का वचन दिया है।
जिन्दल स्टील लिमिटेड भारत की अग्रणी स्टील कंपनियों में से एक है। नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में यह कंपनी ‘माइन-टू-मेटल’ मॉडल पर काम करती है और अंगुल, रायगढ़ और पतरातू में अत्याधुनिक फैक्ट्रियों के माध्यम से उच्च क्षमता वाले स्टील उत्पादों का निर्माण करती है। भारत और अफ्रीका में इसके उत्पाद बुनियादी ढांचे, निर्माण और विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।





