प्रमोद कुमार
रायपुर, 12 मार्च 2026

विश्व किडनी दिवस के अवसर पर श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल में किडनी से संबंधित बीमारियों और उनके बचाव के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अस्पताल के डायरेक्टर, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, अन्य कर्मचारी, किडनी मरीज और उनके अटेंडर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों ने किडनी के महत्व, रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर इलाज की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। अस्पताल के डायरेक्टर डाॅ सुशील शर्मा ने बताया कि किडनी हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग है, जो विषैले पदार्थों को बाहर निकालने का कार्य करती है। उन्होंने संतुलित आहार, पर्याप्त पानी, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की सलाह दी।
इस अवसर पर कात्यानी शर्मा ने कहा कि अस्पताल में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस और अन्य आधुनिक सुविधाओं के साथ इलाज उपलब्ध है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल रहा है। किडनी रोग विशेषज्ञ डाॅ तुषार बहादुरे ने लोगों को चेताया कि गलत खान-पान और अनियमित जीवनशैली के कारण किडनी रोग बढ़ रहे हैं, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय पर जांच कराना जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे किडनी स्वास्थ्य की अनदेखी न करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। मरीजों और उनके अटेंडरों ने जागरूकता कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।





