रायगढ़, 13 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जुआ मामले को छुपाने पर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लापरवाही बरतने वाले रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी और प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण केंवट को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।

दरअसल 11 मार्च को एसएसपी को बरपाली जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में चौकी प्रभारी से जानकारी ली गई, लेकिन उन्होंने मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रक्षित केंद्र, घरघोड़ा थाना और रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जुआ रेड करवाई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 5 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और 10,600 रुपये नकद जब्त किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में पाया गया कि चौकी प्रभारी और बीट के प्रधान आरक्षक ने सूचना संकलन में लापरवाही बरती और अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन नहीं किया। इसी वजह से दोनों पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करते हुए लाइन अटैच किया गया।
वहीं थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उपनिरीक्षक विजय एक्का को रैरूमाखुर्द चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी थाना या चौकी क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब या अन्य अवैध गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित प्रभारी की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन अंकुश’ और ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।





