प्रमोद कुमार
रायपुर, 14 मार्च 2026/ Vishnu Deo Sai ने शनिवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को Tata Sierra कार उपहार स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों ने विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है और यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है और खेल अधोसंरचना के विकास से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से दूर-दराज़ क्षेत्रों के युवाओं को भी खेलों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। वहीं राज्य को नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से भी प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम भविष्य में भी इसी जज्बे के साथ देश का नाम रोशन करेगी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा कि विश्व कप जीतकर लौटने के बाद सबसे पहले मुख्यमंत्री ने टीम का उत्साहवर्धन किया और उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा उनका मनोबल बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री से मिला यह सम्मान उनके जीवन का यादगार पल है। आकांक्षा ने फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम के साथ अपने अनुभव भी साझा किए।
उल्लेखनीय है कि Tata Motors ने ICC Women’s Cricket World Cup 2025 में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को Tata Sierra एसयूवी उपहार देने की घोषणा की थी। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की निवासी और टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह कार भेंट की गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





