दुर्ग, 14 मार्च 2026/ जिले में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप और कई वाहनों को जब्त किया है। बरामद सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार अवैध कबाड़ और स्क्रैप कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया था। अभियान के तहत ACCU क्राइम ब्रांच दुर्ग और थाना जामुल, सुपेला और कुम्हारी की संयुक्त टीम का गठन कर विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।
जामुल क्षेत्र में संचालित एक परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से लोहे के कबाड़ का संग्रहण, कटिंग और बिक्री किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। मौके से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, पाइप, चैनल, दरवाजे, रॉड, भारी लोहे के कलपुर्जे और लगभग 200 किलो तांबा बरामद किया गया। इसके अलावा गैस कटर, गैस सिलेंडर और धातु कटिंग उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस ने अन्य कबाड़खानों की भी जांच की, जहां से पुराने दोपहिया वाहन और अन्य धातु सामग्री भी बरामद हुई। इस संयुक्त कार्रवाई में करीब 18 लाख रुपए कीमत का 60 टन स्क्रैप, कई ट्रक, छोटा हाथी वाहन और बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हीरामन साहू, राकेश मिश्रा, शमसुद्दीन, राधिका साहू, सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान, मनोज गुप्ता, श्रवण कुमार देवांगन, अजमत हुसैन और धीरज चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





