प्रमोद कुमार
रायपुर, 17 मार्च 2026/ राजधानी रायपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रामकृष्ण हॉस्पिटल के सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सफाई के दौरान युवक सीवरेज की गहराई में फिसल गए और जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। तीनों युवक रायपुर के सिमरन सिटी के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें से दो युवक शादीशुदा थे, जिनकी मौत से उनके बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। वहीं एक मृतक युवक की उम्र करीब 26 साल बताई जा रही है।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में भारी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग पहुंच गए। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सेप्टिक टैंक की सफाई आमतौर पर नगर निगम या प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा विशेष उपकरणों के साथ की जाती है, लेकिन प्रबंधन ने पैसे बचाने के लिए तीन कर्मचारियों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतार दिया।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल के एंट्री गेट को भी तोड़ दिया और परिसर में घुसकर कार्रवाई की मांग करने लगे।
परिजन मृतकों के लिए उचित मुआवजे और अस्पताल प्रबंधन तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





