प्रमोद कुमार
रायपुर, 17 मार्च 2026/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पर्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली हमें आपसी मनमुटाव भुलाकर रिश्तों को मजबूत बनाने की प्रेरणा देती है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और हमें अपने भीतर की नकारात्मकताओं को त्यागकर सकारात्मकता अपनाने का संदेश देता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत है। युवाओं को चाहिए कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि होली का त्योहार परिवार और समाज के साथ मिलकर आनंद और अपनत्व के साथ मनाने की परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को और मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, टंक राम वर्मा, खुशवंत साहेब, गजेंद्र यादव, लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक किरण देव, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, रायपुर महापौर मीनल चौबे और धमतरी महापौर रामू रोहरा सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।





