प्रमोद कुमार

रायपुर, 17 मार्च 2026। Kalinga University नया रायपुर में नए श्रम कानूनों को लेकर एक दिवसीय मास्टरक्लास का आयोजन किया गया। “नए श्रम कानून 2025 – अनुपालन बोझ से रणनीतिक दायित्व तक” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग और एचआर क्षेत्र के विशेषज्ञों ने श्रम संहिताओं के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
विश्वविद्यालय के करियर एंड कॉर्पोरेट रिसोर्स सेंटर (CCRC) द्वारा आयोजित इस मास्टरक्लास की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने कहा कि बदलते नियामकीय ढांचे के अनुसार पेशेवरों को तैयार करना समय की आवश्यकता है और इसके लिए उद्योग-शिक्षा सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में निदेशक पंकज तिवारी ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि श्रम कानून सुधारों को केवल अनुपालन तक सीमित न मानकर संगठनों को इसे रणनीतिक अवसर के रूप में समझना चाहिए।
मास्टरक्लास के तकनीकी सत्र श्रम एवं कॉर्पोरेट कानून विशेषज्ञ अधिवक्ता आभा डोगरा ने लिए। उन्होंने केस स्टडी और वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से नए श्रम कानूनों के उद्योगों पर प्रभाव को समझाया।
कार्यक्रम में वेतन संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य व कार्य परिस्थितियों से जुड़े प्रमुख प्रावधानों पर चर्चा की गई। साथ ही उद्योगों के लिए अनुपालन प्रक्रिया, पेरोल संरचना और विवाद प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान विश्वविद्यालय के इनक्यूबेटेड स्टार्टअप Graeon AI ने भी अपनी तकनीकी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मैन्युफैक्चरिंग, स्टील, इंजीनियरिंग, कंसल्टिंग, शिक्षा और सेवा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिससे यह मंच ज्ञान साझा करने और उद्योग संवाद का महत्वपूर्ण अवसर बना।
समापन सत्र में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर बंगारू ज्योत्सना ने दिया।





