प्रमोद कुमार
रायपुर, 18 मार्च 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शून्यकाल में आज शिक्षा व्यवस्था को लेकर बवाल मचा। कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बालोद जिले में पांचवीं और आठवीं के बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों की गुणवत्ता बेहद घटिया है। उन्होंने बताया कि पेपर इतना कमजोर है कि हाथ में लेते ही फट जाता है और लिखे जवाब दूसरी तरफ साफ दिखाई दे रहे हैं।

संगीता सिन्हा ने आरोप लगाया कि गणित जैसे महत्वपूर्ण विषय के पेपर में बड़ी एजेंसी ने भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा कि अब तक छात्रों को पूरी किताबें भी नहीं दी गई हैं, जबकि परीक्षा का समय नजदीक है।
विधायक ने शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि सरकार 33 हजार नई भर्तियों की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत में कई स्कूलों में केवल एक या दो शिक्षक हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने एक स्कूल का उदाहरण देते हुए बताया कि बच्चे खुद झाड़ू लगा रहे थे, जबकि शिक्षक मीटिंग में गए थे।
संगीता सिन्हा ने युक्तियुक्तकरण के नाम पर स्कूलों को मर्ज करने की नीति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लड़कों और लड़कियों के स्कूलों को एक साथ करने से बच्चियों को लंबा सफर करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।





