सतीश शर्मा
रायपुर, 19 मार्च 2026/ राज्य में राजस्व संग्रह को गति देने के लिए छत्तीसगढ़ पंजीयन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। कार्यालय महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक, छत्तीसगढ़ के आदेश के अनुसार मार्च माह के अंत तक कुछ शासकीय अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे और सभी पंजीयन कार्य नियमित रूप से संपन्न होंगे।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि अधिक से अधिक पंजीयन कार्य पूरे किए जा सकें और राज्य के राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित हो। आदेश के तहत 22 मार्च (चतुर्थ रविवार), 28 मार्च (अंतिम शनिवार), 29 मार्च (अंतिम रविवार) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे।
सरकारी निर्देश में यह भी कहा गया है कि इन अवकाश दिनों में न केवल पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे, बल्कि बैंकों में भी 31 मार्च 2026 तक शासकीय लेनदेन जारी रहेगा। जिला पंजीयक, कोषालय अधिकारी और भारतीय स्टेट बैंक सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के लिए कहा गया है।
इस फैसले से आम नागरिकों, खरीदारों और विक्रेताओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। अक्सर छुट्टियों के कारण रजिस्ट्री कार्य प्रभावित होता था, लेकिन अब लोग अवकाश के दिनों में भी आसानी से अपने पंजीयन कार्य करा सकेंगे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी उप पंजीयक कार्यालयों में दस्तावेजों का पंजीयन कार्य सुचारू रूप से हो और किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही ई-स्टाम्प और अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।





