22 Jul 2026, Wed

गंगरेल डैम में आज अनोखा नजारा : पहली बार होगा महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन, 52 टीमें लेंगी हिस्सा, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

धमतरी, 22 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ की धर्म नगरी के नाम से विख्यात धमतरी जिले में एक बार फिर इतिहास रचने वाला है। पहली बार गंगरेल बांध की शांत जलधारा पर महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कुल 52 टीमें हिस्सा लेंगी। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में ग्रामीण अंचल की 3 महिला टीमों की दमदार भागीदारी रहेगी। यह आयोजन सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि धमतरी के पर्यटन को नई पहचान देने की बड़ी पहल बनकर सामने आ रहा है।

गंगरेल बांध जहा रोमांच और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत आयोजित हो रही महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। रविवार को दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में धमतरी सहित आसपास के जिलों की कुल 52 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी मचान हाट प्वाइंट से ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक टीमें अपनी ताकत और तालमेल का प्रदर्शन करेंगी। इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात ये है कि महिला शक्ति की दमदार भागीदारी है। ग्राम लिर्रा की तीन महिला टीमें पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ इस प्रतियोगिता में उतर रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका हौसला और जज्बा इस आयोजन को और भी खास बना रहा है।

 

 

इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि गंगरेल को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना भी है। जल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देने की कोशिश की जा रही है। आयोजन में विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार भी रखे गए हैं। पहला पुरस्कार 1 लाख, दूसरा 50 हजार और तीसरा 25 हजार रुपये। यह सिर्फ रेस ही नहीं, बल्कि बोट सजावट और वेशभूषा प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी, जहां प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। गंगरेल की लहरों पर रोमांच, प्रतिस्पर्धा और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

Share
पढ़ें   जापान और दक्षिण कोरिया के सफल दौरे के बाद वापस लौटे CM विष्णु देव साय : एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, कर्मा-पंथी नृत्यों से सराबोर हुआ परिसर, छत्तीसगढ़ में खुलेंगे रोजगार और औद्योगिक अवसर