कवर्धा, 24 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में मंगलवार को एक बड़ी हादसे की खबर सामने आई, जहां हरिनछपरा स्थित जनता राइस मिल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी मिल धुएं के गुबार में घिर गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, मिल में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



