बिलासपुर, 28 मार्च 2026: बिलासपुर जिला कोर्ट को शुक्रवार को फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल के माध्यम से भेजी गई धमकी के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने कोर्ट परिसर समेत आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला।

पिछले तीन महीने के भीतर यह तीसरी बार है जब कोर्ट परिसर को धमकी भरे ई-मेल के जरिए निशाना बनाया गया है। कोर्ट में जज, वकील और पक्षकार मौजूद थे, तभी यह धमकी सामने आई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी। कोर्ट के अंदर और बाहर सभी कमरों, गलियारों और परिसर के कोने-कोने की तलाशी ली गई। प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी गई और आने-जाने वाले व्यक्तियों की सख्ती से जांच की गई।
न्यायालय परिसर की संवेदनशीलता को देखते हुए यह घटना गंभीर मानी जा रही है। रोजाना यहां हजारों वकील और पक्षकार आते हैं। बार-बार ऐसी धमकियां न्यायिक कार्य को प्रभावित कर रही हैं और आम लोगों व कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं।
पुलिस अब तक आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और ईमेल की जांच जारी है। बिलासपुर के अलावा छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के कई न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल रही हैं।
देखें तस्वीरें:
- धमकी की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।
- कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में बम निरोधक टीम ने सर्च ऑपरेशन किया।



