सतीश शर्मा
बलौदा बाज़ार, 28 मार्च 2026/ जिला मुख्यालय के पुराना बस स्टैंड स्थित एक्सट्राऑर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल में यूकेजी के नन्हे विद्यार्थियों के लिए ‘ग्रेजुएशन डे’ (दीक्षांत समारोह) का भव्य आयोजन किया गया। यह दिन छोटे बच्चों के लिए खास रहा, जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा का पहला पड़ाव पूरा कर अब प्राथमिक कक्षा में प्रवेश की ओर कदम बढ़ाया।

समारोह का मुख्य आकर्षण नन्हे छात्रों का उत्साह रहा। दीक्षांत गाउन और कैप पहनकर बच्चे आत्मविश्वास से भरे नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। कुछ बच्चों ने अपने शुरुआती स्कूल अनुभव साझा किए, जिसे सुनकर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा।
प्रधानाचार्या डॉ. एकता शुक्ला ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा की मजबूत नींव ही सफलता की कुंजी है और यह समारोह बच्चों की पहली बड़ी उपलब्धि है। वहीं संचालक टूकेश्वर वर्मा ने बच्चों को बधाई दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संस्थापक अशोक कुमार तिवारी ने भी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। अभिभावकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



