बिलासपुर/कोरबा, 28 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ के चर्चित कोरबा ट्रिपल मर्डर केस में 5 साल बाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। पूर्व डिप्टी सीएम प्यारेलाल कंवर के बेटे, बहू और पोती की हत्या मामले में दो आरोपियों की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा गया है, जबकि तीन आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।

कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा गांव में 21 अप्रैल 2021 को दिल दहला देने वाली वारदात हुई थी। हरीश कंवर, उनकी पत्नी और 4 साल की बेटी की घर में घुसकर धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए थे।
जांच में सामने आया कि जमीन और पैसों के विवाद के चलते यह हत्या परिवार के भीतर रची गई साजिश थी। बड़े भाई के साले और उसके साथी पर हत्या को अंजाम देने का आरोप साबित हुआ।
निचली अदालत ने 5 आरोपियों—हरभजन सिंह कुंवर, धनकुवंर, परमेश्वर, रामप्रसाद मन्नेवार और सुरेंद्र कंवर—को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ आरोपियों ने हाईकोर्ट में अपील की थी।
हाईकोर्ट ने सबूतों की समीक्षा के बाद:
- परमेश्वर और रामप्रसाद मन्नेवार की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी
- हरभजन सिंह कुंवर, उनकी पत्नी और एक अन्य आरोपी को बरी कर दिया
प्यारेलाल कंवर अविभाजित मध्यप्रदेश में आदिवासी राजनीति का बड़ा चेहरा रहे। वे रामपुर विधानसभा से विधायक रहे और 1997-98 में उपमुख्यमंत्री बने थे। बाद में वे सक्रिय राजनीति से दूर हो गए थे।



