रायपुर, 28 मार्च 2026
वैश्विक स्तर पर ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। कच्चे तेल की कीमतों में संभावित उछाल को देखते हुए भारत में भी पेट्रोल-डीजल महंगा होने की आशंका जताई जा रही थी।
इसी बीच केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती करने का बड़ा फैसला लिया है। इस निर्णय से देशभर में ईंधन की कीमतों में कमी आने की उम्मीद है, जिससे सीधे तौर पर उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।

सरकार के इस कदम से न केवल आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि महंगाई पर भी आंशिक नियंत्रण संभव है। परिवहन लागत घटने से आवश्यक वस्तुओं के दाम स्थिर रहने की संभावना जताई जा रही है।
इस फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के कार्यसमिति सदस्य सतीश शर्मा ने कहा कि सरकार ने वैश्विक संकट के बावजूद किसानों और आम नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि डीजल सस्ता होने से किसानों की लागत घटेगी, जिससे कृषि क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह निर्णय नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह किसी बड़े आर्थिक राहत पैकेज से कम नहीं है।



