सतीश शर्मा
रायपुर, 30 मार्च 2026। राजधानी के पंडरी मोवा स्थित साहस नशा मुक्ति केंद्र एक गंभीर विवाद में घिर गया है। यहां एक मरीज के साथ कथित मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामले में केंद्र की संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने मरीजों के साथ बेरहमी से मारपीट की। वायरल वीडियो में भी मरीजों के साथ दुर्व्यवहार होता नजर आ रहा है।
उड़ीसा के उमरकोट निवासी अंकुर मांझी के परिजनों ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने अपने बेटे को तीन महीने के इलाज के लिए केंद्र में भर्ती कराया था, लेकिन महज 9 दिनों के भीतर ही उसकी हालत बिगड़ने पर उसे वापस ले जाना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि इलाज के नाम पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना की गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अनिकेश शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद प्रशासन ने भी नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर इसकी गतिविधियों की जांच के आदेश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि अंकुर मांझी का इलाज अब विशाखापट्टनम में चल रहा है, जहां उसे बेहतर चिकित्सा और सुरक्षित माहौल मिलने की उम्मीद है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सभी नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे केंद्रों में पारदर्शिता, सुरक्षा और मानवीय व्यवहार बेहद जरूरी है, ताकि मरीजों और उनके परिवारों का भरोसा बना रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



