प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 08 सितंबर 2025

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आज आयोजित सौर ऊर्जा जागरूकता अभियान एवं प्रोत्साहन समारोह का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम दोपहर 11 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप करेंगे। कार्यक्रम में रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा एवं मोतीलाल साहू सहित अन्य विशिष्ट अतिथि होंगे। इस अभियान के माध्यम से सौर ऊर्जा के महत्व को आमजन में बढ़ावा देने तथा स्थायी ऊर्जा विकल्पों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव ने इस कार्यक्रम में नागरिकों, ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और हितधारकों से उपस्थित होने अपील की है। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा के पक्ष में एक मजबूती कदम माना जा रहा है और राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव की उम्मीद जगाता है। इस कार्यक्रम के बाद मंत्रालय पहुंचकर सीएम बैठक लेंगे । माना जा रहा है कि NHM कार्यकर्ताओं के आन्दोलन को लेकर कोई बड़ी बैठक होगी ।
स्वास्थ्य मंत्री लेंगे बैठक
NHM कार्यकर्ताओं के आन्दोलन को लगभग एक महीने होने और सामूहिक इस्तीफे के बाद स्वास्थ्य विभाग पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, ऐसे में आज बड़ी बैठक रखी गई है । सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री, मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग के मंत्री के साथ अधिकारियों की बड़ी बैठक लेंगे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर NHM कार्यकर्ताओं के आंदोलन को समाप्त करवाने की दिशा में कैसे आगे बढ़ा जाए, इसको लेकर चर्चा करेंगे । माना जा रहा है कि NHM कार्यकर्ताओं के आंदोलन का आज अंतिम दिन हो ।
रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी
रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियां सोमवार आठ सितंबर की रात परंपरागत मार्ग से निकाली जाएंगी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को छह सेक्टरों में बांट दिया है, जहां करीब 800 जवान और अधिकारी तैनात रहेंगे। गणेशोत्सव के दौरान डीजे पर रोक लगाई गई थी। विसर्जन झांकी में अब पटाखों का इस्तेमाल भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भीड़भाड़ वाले मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।
विसर्जन के दौरान भारी वाहनों को शहर की सीमा के बाहर रोका जाएगा। झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा और पुरानी बस्ती से गुजरते हुए लाखेनगर होकर रायपुरा महादेव घाट तक जाएंगी। श्रद्धालु इस पूरे मार्ग पर पैदल ही पहुंच पाएंगे। उनके लिए अलग-अलग जगह पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
आज का मौसम
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर, महासमुंद, बलौदा बाजार, दुर्ग, सूरजपुर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इतना ही नहीं राजधानी रायपुर में आज दिन भर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।




