प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 08 सितम्बर 2025

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कल मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की पहली बैठक आहूत की जाएगी। इस बैठक में नव नियुक्त मंत्रियों सहित कुल 14 मंत्री शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी। पिछली कैबिनेट बैठक 19 अगस्त को आयोजित हुई थी, जिसके बाद यह पहली बड़ी बैठक होगी। इस वजह से सरकार के नीतिगत और प्रशासनिक फैसलों को लेकर अधिकारियों और मंत्रियों के बीच हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में विकास कार्यों की गति, आगामी योजनाओं की प्राथमिकता, राज्य के वित्तीय प्रबंधन और आम जनता से जुड़ी नीतियों पर विस्तार से विचार किया जा सकता है। साथ ही, नई टीम के साथ सरकार की कार्ययोजना को धार देने का यह पहला अवसर होगा।
राजनीतिक हलकों में इस बैठक को साय सरकार के नए मंत्रिमंडल के लिए दिशा तय करने वाली बैठक माना जा रहा है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री और उनकी टीम आने वाले समय के लिए कौन से बड़े फैसले लेती है।





