सतीश शर्मा
रायपुर 30 मार्च 2026/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 31 मार्च को 375 नई एंबुलेंस (108 एंबुलेंस सेवा) को हरी झंडी दिखाकर पूरे राज्य में रवाना करेंगे। इसमें 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस शामिल हैं। विशेष रूप से, पहली बार 5 नियोनेटल ALS एंबुलेंस नवजात शिशुओं की आपात चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर प्रारंभ की जा रही हैं।

इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में भी यह व्यवस्था प्रभावी रूप से कारगर सिद्ध होगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जासयवाल ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति—चाहे वह सड़क दुर्घटना हो, प्रसूति का मामला हो या गंभीर बीमारी—समय पर चिकित्सा सहायता जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का स्वास्थ्य, उनकी सुरक्षा और विश्वास ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे।



