सतीश शर्मा
रायपुर 03 अप्रैल 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के स्टेशन चौक स्थित नर्मदा कुंड राम जानकी मंदिर में आयोजित हनुमान उत्सव एवं राम कथा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु राम के अनन्य भक्त हनुमान का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। बल, बुद्धि और विद्या के दाता हनुमान जी हमें सिखाते हैं कि हमारे जीवन में निष्ठा, सेवा और समर्पण कैसा होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पवित्र नर्मदा कुंड के जीर्णोद्धार का भूमिपूजन किया। राम कथा के दौरान नर्मदा कुंड राम जानकी मंदिर राम नाम से गुंजायमान हो उठा।
मुख्यमंत्री ने नर्मदा कुंड राम जानकी मंदिर में विधि-विधान से हनुमान जी का दर्शन और आरती पूजन किया। उन्होंने हनुमान जी से छत्तीसगढ़ वासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उल्लेखनीय है कि हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 01 से 05 अप्रैल तक नर्मदा कुंड मंदिर में स्वामी राजीव लोचन दास जी द्वारा राम कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा छत्तीसगढ़ प्रभु राम का ननिहाल और माता कौशल्या का मायका है। प्रभु राम ने वनवास का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया। रामायण काल में वर्णित दंडकारण्य अबूझमाड़ क्षेत्र का इलाका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा रामलला दर्शन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम के दर्शन कराए जा रहे हैं। अभी तक लगभग 42 हजार भक्त रामलला के दर्शन कर चुके हैं। 5 हजार से अधिक बुजुर्ग विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन कर चुके हैं। तीर्थयात्रा के लिए 19 स्थान चिन्हांकित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार ने धर्मांतरण रोकने के लिए छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू किया है। इस कानून में देश के अन्य प्रदेशों की तुलना में कठोर प्रावधान किए गए हैं, जिससे निश्चित ही धर्मांतरण पर अंकुश लगेगा।
गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार द्वारा सुरभि गौधाम योजना लागू की गई है। इसके तहत 29 गौधाम का शुभारंभ किया गया है। इन गौधामों में गौमाता के लिए चारा, देखभाल और गौपालकों को गोबर उत्पाद निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रत्येक जिले में 10 गौधाम के लक्ष्य के साथ प्रदेश में कुल 330 गौधाम बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में रुद्र सेना और रुद्र शक्ति के पोस्टर का विमोचन भी किया। इस अवसर पर लक्ष्मी वर्मा, किरण सिंहदेव, पुरंदर मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, वर्णिका शर्मा, मोना सेन, अंजय शुक्ला, सुरेंद्र दास जी, राम गर्ग, विभा अवस्थी सहित गणमान्यजन और भक्तगण उपस्थित थे।



