जशपुर। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के गितारीपानी गांव में अंधविश्वास के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने जादू-टोना के शक में 71 वर्षीय वृद्ध महिला फूलमइत बाई की बेरहमी से हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छंदनू राम (31 वर्ष) अपने बच्चों के बार-बार बीमार पड़ने से परेशान था। उसने इसका जिम्मेदार गांव की वृद्ध महिला को मान लिया और उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाने लगा। इसी अंधविश्वास ने उसे इतना उग्र बना दिया कि उसने महिला की जान ले ली।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। मृतिका खाना खाकर अपने घर में सो रही थी, तभी आरोपी वहां पहुंचा और लकड़ी के डंडे से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को उजागर करती है।



