सतीश शर्मा
रायपुर, 3 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब में हरियाणवी संस्कृति की खुशबू उस वक्त बिखर गई, जब अपकमिंग फिल्म ‘सूरज लव मीनाक्षी’ की स्टार कास्ट प्रमोशन के लिए पहुंची। फिल्म के एक्टर, प्रोड्यूसर और डायरेक्टर केशव कादियान और अभिनेत्री निशा शर्मा ने मीडिया से बातचीत में फिल्म की कहानी और उसके भावनात्मक पहलुओं को साझा किया।

फिल्म की कहानी हरियाणा के एक छोटे से गांव में पनपती मासूम मोहब्बत पर आधारित है। सूरज और मीनाक्षी, जो एक ही गांव के रहने वाले हैं, बचपन से ही एक-दूसरे के करीब आते हैं। दसवीं कक्षा के दौरान शुरू हुआ यह आकर्षण एक प्रेम पत्र के जरिए इज़हार तक पहुंचता है और मीनाक्षी भी अपने प्यार को स्वीकार कर लेती है।
लेकिन कहानी में असली मोड़ तब आता है, जब यह रिश्ता पारिवारिक मर्यादाओं और सामाजिक परंपराओं से टकराता है। घरवालों को जब इस प्रेम संबंध की जानकारी मिलती है, तो विवाद के बजाय समझदारी और संस्कारों का एक अलग ही रूप सामने आता है।
केशव कादियान ने बताया कि फिल्म में मीनाक्षी की मां का किरदार बेहद महत्वपूर्ण है, जो सूरज को डांटने के बजाय समझाती हैं कि एक ही गांव के भाईचारे में इस तरह के रिश्ते स्वीकार्य नहीं होते। इसके बाद सूरज अपने भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए रिश्ते को एक सम्मानजनक मोड़ देता है।
अभिनेत्री निशा शर्मा ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि रिश्तों की गरिमा और संस्कृति के सम्मान का संदेश देने वाली कहानी है। प्रेस क्लब में कलाकारों का छत्तीसगढ़ की जनता और मीडिया ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
फिल्म ‘सूरज लव मीनाक्षी’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जो युवाओं को प्यार के साथ-साथ अपनी जड़ों और संस्कारों को समझने की सीख देगी।



