सतीश शर्मा
रायपुर, 05 अप्रैल 2026/ भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस अवसर पर पार्टी द्वारा 6 से 12 अप्रैल तक सेवा सप्ताह और संगठनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान कार्यालयों को झालर, दीप और रंगोली से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को सभी कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद पार्टी की विचारधारा और विकास यात्रा पर चर्चा होगी, साथ ही मिष्ठान्न वितरण किया जाएगा। कार्यकर्ता अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराकर सोशल मीडिया पर फोटो साझा करेंगे।
6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां सक्रिय और प्राथमिक सदस्य एकत्र होकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेंगे। वहीं 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर बड़े सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और सरकार की योजनाओं पर चर्चा होगी।
जैन ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी गांवों और बस्तियों में प्रवास कर जनसंपर्क बढ़ाएंगे। बड़ी विधानसभाओं में कम से कम 50 और छोटी विधानसभाओं में 20 गांवों में कार्यक्रम होंगे।
इस दौरान स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, प्रबुद्धजनों से मुलाकात और योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे पार्टी की पहुंच और जनसंपर्क को मजबूत किया जा सके।



