सतीश शर्मा
रायपुर, 06 अप्रैल 2026। रायपुर रेंज में पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए “ऑपरेशन निश्चय” के तहत 4 और 5 अप्रैल को संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और रायपुर ग्रामीण जिलों में 95 टीमों ने एक साथ 384 स्थानों पर रेड, दबिश और चेकिंग की।

अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ और हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के तहत 126 मामले दर्ज कर 126 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 802.436 लीटर शराब और 597 पौवा जब्त किए।
वहीं, नारकोटिक्स/एनडीपीएस एक्ट के 22 मामलों में 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ और 60 टैबलेट बरामद किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज कर 2 पिस्टल जब्त किए गए। इसके अलावा 174 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयाँ भी की गईं।
वारंट तामील अभियान के तहत पुलिस ने 31 गिरफ्तारी वारंट, 14 स्थायी वारंट और 1 जमानती वारंट सहित कुल 46 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
जिला स्तर पर भी सख्ती जिलों में भी अलग-अलग कार्रवाई की गई। बलौदाबाजार-भाटापारा में 13 एनडीपीएस मामलों में 5.6 किलो मादक पदार्थ जब्त किया गया। गरियाबंद में 119 रेड के दौरान 158 लीटर शराब बरामद हुई।
धमतरी में 150 स्थानों पर दबिश देकर 3.9 किलो मादक पदार्थ पकड़ा गया। महासमुंद में 10.5 किलो मादक पदार्थ और 357 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं रायपुर ग्रामीण में 1.8 किलो गांजा और 597 पौवा शराब बरामद की गई।
सट्टा-जुआ पर भी कार्रवाई सट्टा-जुआ एक्ट के तहत 2 मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6,230 रुपए जब्त किए गए। इसके अलावा 4 अन्य आपराधिक मामलों में भी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “ऑपरेशन निश्चय” के जरिए अपराधियों, तस्करों और फरार वारंटियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और मजबूत हो सके।



