सतीश शर्मा
रायपुर, 08 अप्रैल 2026/ वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा शहर के सुभाष चौक स्थित पुष्पलता उद्यान के समीप छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा निर्मित 1×5 एमवीए क्षमता वाले 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया। लगभग 1.90 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस महत्वपूर्ण परियोजना को उन्होंने क्षेत्र की जनता को समर्पित किया।

मंत्री ने कहा कि कोरबा शहर में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में यह उपकेंद्र अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना योजना के तहत प्रदेश में लगातार नई विद्युत परियोजनाओं को स्वीकृति मिल रही है, जिससे बिजली व्यवस्था मजबूत हो रही है।
इस नए उपकेंद्र से कोसाबाड़ी, निहारिका, घंटाघर, बुधवारी, काशी नगर, सीएसईबी कॉलोनी, आरपी नगर और शिवाजी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के 5 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। पहले निहारिका क्षेत्र में अलग-अलग फीडरों से बिजली आपूर्ति होती थी, जिससे किसी एक फीडर में खराबी आने पर पूरे क्षेत्र की सप्लाई प्रभावित हो जाती थी। अब वैकल्पिक लाइन के जरिए तत्काल और निर्बाध बिजली आपूर्ति संभव होगी।
मंत्री देवांगन ने कहा कि नए उपकेंद्र के शुरू होने से गर्मी के मौसम में बढ़ते बिजली लोड से राहत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है।
उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं की समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा समाधान योजना लागू की गई है, जिससे बिजली बिल के सरचार्ज में राहत मिल रही है। योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभिन्न वार्डों में शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



