मीडिया 24 डेस्क
रायगढ़, 08 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड ने एक ही फंदे पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव जंगल में पेड़ से लटके मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना छाल थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान भुंडीबाहरी निवासी रामकुमार अगरिया (25) और परमेश्वरी अगरिया (20) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह ग्राम एडूकला के जंगल में ग्रामीण महुआ बीनने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके युवक-युवती पर पड़ी। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि युवक मजदूरी करता था और युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन किन कारणों से दोनों ने इतना बड़ा कदम उठाया, इसकी जांच जारी है।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भी हाल ही में प्रेमी जोड़े ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की मनाही के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।



