सतीश शर्मा
रायपुर, 08 अप्रैल 2026

मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य शासन के सभी विभागों के मुख्य अधिकारी से कहा है कि वे मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गॉट ट्रेनिंग कार्यक्रम से अपने विभाग को अनिवार्य रूप से ऑन-बोर्ड कर लें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपने मोबाइल से ऑन-बोर्ड होने का निर्देश दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग ऑन-बोर्ड होने के बाद अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी जरूरत अनुसार विभागीय स्किल डेवलपमेंट के लिए प्रशिक्षित किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग प्रमुख अपने-अपने विभाग की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण कोर्स तय करें, जिससे सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षित हो सकें।
आज आई-गॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत साधना सप्ताह के मौके पर सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी को कर्मयोगी मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण हेतु कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में राज्य शासन के विभागों के मुख्य अधिकारी, विभागीय सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, और अनुभाग अधिकारी शामिल हुए। सभी जिलों के प्रमुख अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कार्यक्रम में जुड़े।
कार्यशाला के प्रारंभ में बताया गया कि कर्मचारियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म आई-गॉट और ई-एच.आर.एम.एस. से जुड़ते हुए उनकी क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा देना है। मुख्य सचिव ने कहा कि आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर ए.आई. का उपयोग बढ़ रहा है और यह कर्मचारियों को स्मार्ट और प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करने में सहायक होगा। उन्होंने 100% ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने पर जोर दिया।
कार्यशाला में अधिकारियों-कर्मचारियों को बताया गया कि प्रशिक्षण केवल कौशल विकास तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्रत्येक कर्मचारी अपने विभाग की योजनाओं और कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हो सकेगा।



