कवर्धा/छत्तीसगढ़, 09 अप्रैल 2026
कबीरधाम जिले के छिरहा गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। खुद को फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का अधिकारी बताकर आरोपी ने किराना व्यापारी से पिस्टल की नोक पर 50 हजार रुपए ऐंठ लिए। आरोपी ने व्यापारी को चोरी का चावल खरीदने के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र चड्ढा, जो कि पूर्व आर्मी मैन और रायपुर की निजी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर है, ने रात करीब साढ़े दस बजे पीड़ित पीतांबर गुप्ता की दुकान पर पहुंचकर यह घिनौना कृत्य किया। डर के मारे पीड़ित ने आरोपी को 50 हजार रुपए दे दिए।
पुलिस ने गंभीरता से मामले की जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक लग्जरी कार, लाइसेंसी पिस्टल, दो मैग्जीन और 11 राउंड जिंदा कारतूस जब्त किए गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है: “ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी व्यापारी या नागरिक धमकी और ठगी का शिकार न बने।”



