अंबिकापुर, 10 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में महिला से दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 8वें दिन आरोपी को चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही अंबिकापुर पुलिस टीम उसे रिमांड पर लेने के लिए रवाना हो गई है।

यह वारदात 2-3 अप्रैल की रात रिंग रोड स्थित एक मटन शॉप में हुई थी, जहां महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान, पसलियां टूटना और अंदरूनी अंगों को भारी नुकसान की पुष्टि हुई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है, जो पहले से महिला के संपर्क में था और उसके घर आता-जाता था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और आखिरी बार रेलवे स्टेशन के पास CCTV में नजर आया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की थीं। साथ ही 35 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। ड्रोन कैमरों और विभिन्न थानों की मदद से लगातार तलाश जारी थी, जिसके बाद आखिरकार उसे चिरमिरी से पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से प्रतापपुर का निवासी है और पिछले 7 वर्षों से अंबिकापुर में रह रहा था। उसे आज अंबिकापुर लाया जाएगा, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश भी देखा गया। कांग्रेस ने मामले में विरोध प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च और धरना आयोजित किया था।



