ब्यूरो रिपोर्ट, मीडिया 24 डेस्क
भिलाई, 11 अप्रैल 2026/ भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पौंड्रिक ने शनिवार को अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयंत्र के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करने और उत्पादन लागत में स्थायी कमी लाने पर जोर दिया।


दौरे के दौरान उनके साथ कृष्ण कुमार सिंह और अभिजीत नरेंद्र भी मौजूद रहे। भिलाई निवास पहुंचने पर निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जहां सीआईएसएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इसके बाद इस्पात भवन में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन और कार्यपालक निदेशकों ने विभिन्न परियोजनाओं और उत्पादन से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की। कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार ने रावघाट परियोजना की प्रगति पर प्रस्तुति दी, जबकि शालिनी चौरसिया ने उत्पादन, तकनीकी-आर्थिक मानकों और वित्तीय स्थिति पर विस्तृत जानकारी साझा की।

बैठक के दौरान संदीप पौंड्रिक ने संयंत्र की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि बीएसपी को आने वाले समय में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनने के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने होंगे। उन्होंने प्रबंधन को उत्पादन लागत घटाने के लिए ठोस और दीर्घकालिक रणनीति अपनाने की सलाह दी।
निरीक्षण के क्रम में सचिव ने संयंत्र के मुख्य द्वार स्थित सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने कोक ओवन बैटरी नंबर-8 की परियोजना स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के समापन पर अतिथियों को पुनः गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद वे रायपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान संयंत्र के सभी विभागों के मुख्य महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



