गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 13 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन में रविवार शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया। पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के पास कोयले से लदी एक मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट गई, जिससे रेलवे विभाग में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, पेंड्रारोड और वेंकटनगर स्टेशन के बीच खैरझीटी बैरियर के पास अनूपपुर की ओर जा रही मालगाड़ी की कपलिंग अचानक टूट गई। इसके चलते इंजन से जुड़े करीब 25 डिब्बे अलग होकर पीछे छूट गए।
हालांकि लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए गए, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। यदि समय पर स्थिति को नियंत्रित नहीं किया जाता, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद अलग हुए डिब्बों को सुरक्षित तरीके से दोबारा जोड़ा गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कपलिंग टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। मरम्मत के बाद मालगाड़ी को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है और फिलहाल इस रूट पर रेल संचालन सामान्य है।



