24 Aug 2026, Mon
Breaking

रायपुर में महिला चोर गिरोह सक्रिय : ई-रिक्शा में छह महिलाओं के बीच बैठकर सहायक संचालक की सोने की चेन काटी

रायपुर, 24 अगस्त 2026। त्योहारी सीजन में राजधानी रायपुर में महिला चोर गिरोह की सक्रियता बढ़ गई है। भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक परिवहन और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। ताजा मामला 18 अगस्त का है, जब बारिश के दौरान ई-रिक्शा में सफर कर रहीं समग्र शिक्षा की सहायक संचालक मंजु लता साहू के गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चेन चोरी हो गई।

मंजु लता साहू के साथ ई-रिक्शा में छह अन्य महिलाएं सवार हुई थीं। पेंशनबाड़ा स्थित हमर क्लिनिक के पास ई-रिक्शा से उतरने के बाद उन्हें गले से चेन गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

अप्रैल में सात महिलाओं समेत आठ लोग पकड़े गए थे

रायपुर में महिला चोर गिरोह के सक्रिय होने का यह पहला मामला नहीं है। 10 अप्रैल को चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय निर्मला वर्मा के गले से सोने की चेन चोरी हुई थी। जांच के बाद पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास एक इनोवा कार से सात महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ा था। आरोपी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से जुड़े बताए गए थे।

 

 

पूछताछ में रायपुर के कोतवाली, गोलबाजार, सरस्वती नगर और खमतराई जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेन चोरी की एक दर्जन से अधिक वारदातों का पता चला था।

2024 में भी पकड़ा गया था बड़ा महिला गिरोह

रायपुर में नवरात्रि, दशहरा, रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों के दौरान महिला चोर गिरोह की वारदातें सामने आती रही हैं। 14 अक्टूबर 2024 को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और नवरात्रि की भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी करने वाले 11 महिलाओं के गिरोह को पुलिस ने पकड़ा था। इनके कब्जे से आठ सोने के हार बरामद किए गए थे।

पढ़ें   CG में पुलिस ने अवैध रूप से उगाही करने वाले पत्रकारों को किया गिरफ्तार : डॉक्टरों के खिलाफ जबरन समाचार प्रकाशन कर करते थे वसूली, आरोपी रियाज और फिरोज के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, महिला अधिकारी की आवाज निकाल देते थे डॉक्टरों को धमकी

अगस्त 2024 में उत्तर प्रदेश से आए महिला गिरोह के सदस्यों को भी पुलिस ने पकड़ा था। उनके पास से चोरी की तीन सोने की चेन बरामद हुई थीं।

ऐसे काम करता है महिला चोर गिरोह

पुलिस के अनुसार, गिरोह त्योहारों से पहले भीड़भाड़ वाले बाजारों और सराफा क्षेत्रों की रेकी करता है। महिलाएं सामान्य ग्राहक बनकर बाजार में घूमती हैं और गहने पहनी महिलाओं को निशाना बनाती हैं। इसके बाद दो-तीन महिलाएं शिकार को घेरकर धक्का-मुक्की करती हैं और इसी दौरान कटर से गले की चेन काट ली जाती है।

चेन चोरी करने के तुरंत बाद गिरोह की महिलाएं अलग-अलग दिशाओं में निकल जाती हैं। कुछ दूरी पर खड़े वाहन तक पहुंचने के बाद वे दूसरे इलाके या शहर की ओर फरार हो जाती हैं। दूसरे राज्यों से आने वाले गिरोह के लिए वारदात के बाद शहर बदलना भी आसान होता है।

त्योहारों में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

त्योहारी दिनों में बाजारों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक परिवहन में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि भीड़ में सोने की चेन पहनकर निकलने से बचें। यदि कोई व्यक्ति बार-बार धक्का दे, रास्ता रोके या असामान्य तरीके से बेहद करीब आने की कोशिश करे तो तत्काल सतर्क हो जाएं।

डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल ने लोगों से त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने की अपील की है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed