सतीश शर्मा
रायपुर, 16 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप राज्य में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है।

जारी जानकारी के अनुसार, कुल 2292 पदों में से 795 पद ई-संवर्ग की शालाओं के लिए तथा 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे। इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों का विस्तृत विवरण आधिकारिक विज्ञापन में दिया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक अशोक नारायण बंजारा ने बताया कि विस्तृत विज्ञापन जल्द ही छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट और स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल पर जारी किया जाएगा। साथ ही परीक्षा का सिलेबस भी व्यापम की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
सहायक शिक्षक पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन व्यापम द्वारा किया जाएगा, जिसकी संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 तय की गई है। ऑनलाइन आवेदन की तिथि संबंधी जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत व्याख्याता और अन्य शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए भी अलग से विज्ञापन जारी किए जाने की तैयारी है।



