प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 25 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ के 30 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं बस्तर, नारायणपुर और दुर्ग में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है। मध्यप्रदेश में बने लो प्रेशर एरिया के असर से प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों में कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर और सरगुजा संभाग में मध्यम से भारी वर्षा देखने को मिली। रविवार को तापमान की बात करें तो दुर्ग में सबसे अधिक 31.6 डिग्री और न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश का मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में तीन दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। कन्हर नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है। बढ़ते जलस्तर के कारण फकीरवा नाला होकर पानी वार्ड क्रमांक 13, 14 और 15 तक पहुंच गया है, जिससे लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है और कई घरों में पानी भर गया है।
दुर्ग जिले में रविवार को सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। पूरे दिन औसतन तापमान 22.6 डिग्री के आसपास रहा, जबकि हवाओं की रफ्तार 18 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई।
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के मध्य भागों में बना लो प्रेशर एरिया अब कमजोर हो गया है, लेकिन इससे जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि बिजली गिरने और गरज-चमक की स्थिति में सावधानी बरतें और खुले क्षेत्रों में जाने से बचें।





