बालोद/गुंडरदेही, 17 अप्रैल 2026/ अर्जुंदा तहसील अंतर्गत ग्राम सनौद में 18 अप्रैल 2026, शनिवार को परिक्षेत्रीय स्तरीय साहू समाज कांदूल द्वारा भव्य माता कर्मा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन कांदूल परिक्षेत्रीय साहू समाज एवं ग्रामीण साहू समाज सनौद के संयुक्त तत्वाधान में होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे चंदनबिरही सेवाभजन व गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा से होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे महाआरती, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं सुबह 11:00 बजे संत साहेब करहीभदर द्वारा दिव्य सत्संग एवं कबीर-धर्मदास भक्ति प्रवचन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिए जाएंगे।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में डोमन लाल कोडसेवड़ा (उपाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति, छत्तीसगढ़ शासन) शामिल होंगे। साथ ही गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह साहू करेंगे। परिक्षेत्रीय अध्यक्ष दानेश्वर प्रसाद साहू, सचिव टोमन सिंह सोनबोइर, ग्रामीण अध्यक्ष सेतराम साहू एवं सचिव मेघनाथ साहू सहित कई समाज प्रमुख उपस्थित रहेंगे।
दोपहर 2:00 बजे से लोक कला “रामधुनी जय मां शारदा” खुटेरी (बालोद) द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी सामाजिक जनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।



