ब्यूरो रिपोर्ट
मीडिया 24, 20 अप्रैल 2026

पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार दोपहर क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में भीषण आग लग गई, जिससे मंगलवार को होने वाला उद्घाटन कार्यक्रम टल गया। नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा भी सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया है।
दोपहर करीब 2 बजे लगी आग के बाद रिफाइनरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घना धुआं उठते ही फायर सेफ्टी सिस्टम एक्टिव किया गया और सभी कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात है कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
करीब 10–12 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया। पूरे इलाके को एहतियातन खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह यूनिट रिफाइनरी का अहम हिस्सा है, जहां पाइपलाइन से आने वाले कच्चे तेल को प्रोसेस कर अलग-अलग यूनिट्स में भेजा जाता है। अधिकारियों के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और कारणों का सही आकलन किया जाएगा।
घटना के बाद प्रशासन अलर्ट पर है और जांच के आदेश दिए जा सकते हैं।



