अंबिकापुर, 23 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक भाजपा नेता द्वारा पटवारी और ऑपरेटर से मारपीट का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कंठी में पदस्थ पटवारी प्रकाश मंडल बुधवार दोपहर अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा के एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुजूर (मोनू) वहां पहुंचे। उन्होंने आरआई (राजस्व निरीक्षक) अनिता राजवाड़े का मोबाइल नंबर मांगा।
पटवारी ने बताया कि आरआई लंच पर गई हैं और उनका नंबर दीवार पर लिखा है, जिसे देखकर खुद कॉल किया जा सकता है। इसी बात से नाराज होकर आरोपी भड़क गया और उसने पटवारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोपी ने पटवारी को ऑफिस के अंदर ही लात-घूंसे से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए ऑपरेटर को भी नहीं छोड़ा गया और उसकी भी पिटाई कर दी गई।
जान बचाने के लिए पटवारी बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने बाहर भी उनका पीछा कर लात मारी और डंडे से हमला किया। किसी तरह पटवारी अपने कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर खुद को बचा पाए।
पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी की दबंगई साफ दिखाई दे रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर पटवारी संघ के पदाधिकारी दरिमा थाने पहुंचे। मामला कलेक्टर अजीत वसंत के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल FIR दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने देर रात आरोपी जितेंद्र कुजूर को गिरफ्तार कर लिया।
घटना से नाराज पटवारी संघ ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ ने आरोपी का जुलूस निकालने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी जितेंद्र कुजूर सोशल मीडिया पर पहले भी हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट कर चुका है। वह जमीन खरीद-बिक्री के काम से भी जुड़ा हुआ है और स्थानीय राजनीति में सक्रिय बताया जाता है।
सरगुजा में हुई इस घटना ने सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन अब सभी की नजर आगे की सख्त कार्रवाई और कानून व्यवस्था पर है।



