रायगढ़, 24 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप कर रहे दो डॉक्टरों पर नशे की हालत में मारपीट और लूटपाट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे सुदर्शन पांडे अपने दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के पास उनकी मुलाकात इंटर्न डॉक्टर देवेन्द्र चौरसिया और अनिल मीणा से हुई। आरोप है कि दोनों डॉक्टर नशे में थे और बिना किसी वजह के उन्होंने सुदर्शन पांडे से विवाद शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दोनों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। इसी दौरान उसके गले से चांदी की चेन और करीब 4,500 रुपये नकद भी छीन लिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने चक्रधर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। मामले ने मेडिकल कॉलेज परिसर और स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।



