सतीश शर्मा
रायपुर, 25 अप्रैल 2026

इंडियन सोसाइटी ऑफ हीटिंग, रेफ्रिजरेटिंग एंड एयर कंडीशनिंग इंजीनियर्स (ISHRAE) रायपुर सब-चैप्टर का वर्ष 2026-27 के लिए शपथ ग्रहण समारोह एक भव्य एवं गरिमामय आयोजन के रूप में सम्पन्न हुआ।
समारोह में एनआईटी रायपुर के प्रोफेसर डॉ. विवेक अग्निहोत्री ने नए अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। उनके नेतृत्व में नई कार्यकारिणी टीम ने भी पदभार ग्रहण किया।
नई कार्यकारिणी में डॉ. आल्फिया बानो को निर्वाचित अध्यक्ष (President-Elect), सुश्री शैलोनील साहू को सचिव तथा श्री रवि जग्गी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही चैप्टर के मार्गदर्शन हेतु तीन अनुभवी मेंटर्स—डॉ. देबाशिस सान्याल, श्री के.के. वर्मा एवं श्री दिलीप महोबे—के नामों की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष श्री सिद्धांत शर्मा के संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के विकास की अपेक्षा व्यक्त की।
मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय निदेशक श्री अमरेंद्र गोस्वामी के मार्गदर्शन में सम्पन्न इस समारोह में तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। डॉ. देबाशिस सान्याल ने “आधुनिक निर्माण एवं इंजीनियरिंग के समन्वय” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें उन्होंने वास्तुकला और तकनीकी नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह का समापन नई कार्यकारिणी के प्रति शुभकामनाओं और भविष्य की योजनाओं के संकल्प के साथ हुआ।



