सतीश शर्मा
रायपुर, 01 मई 2026

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा की तिथियों में किए गए संशोधन का स्वागत किया है। पूर्व में निर्धारित 16, 17, 18 एवं 19 मई की तिथियों को बदलकर अब 6, 7, 8 एवं 9 जून किए जाने के निर्णय को उन्होंने अभ्यर्थियों के हित में बताया।
श्री टिकरिहा ने कहा कि प्रदेश के हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से तैयारी के लिए अतिरिक्त समय की मांग कर रहे थे। भीषण गर्मी और व्यस्त परिस्थितियों के बीच यह निर्णय छात्रों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
उन्होंने कहा कि नई तिथियों के कारण अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के विस्तृत पाठ्यक्रम के पुनरावलोकन हेतु लगभग 20 दिनों का अतिरिक्त समय मिलेगा, जिससे उनकी तैयारी और अधिक मजबूत होगी।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह निर्णय दर्शाता है कि वर्तमान प्रशासन युवाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके हितों को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे अभ्यर्थी अधिक आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित होंगे तथा प्रदेश को बेहतर प्रशासनिक अधिकारी मिल सकेंगे।



