धमतरी, 04 मई 2026
रुद्री स्थित पुलिस लाइन के फायरिंग रेंज में सोमवार सुबह नियमित अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फायरिंग प्रैक्टिस के बीच एक .303 राइफल का चैंबर अचानक फट गया, जिससे निकला शेल पास में खड़े नगर सेना के जवान चौबे लाल टंडन के गले के पीछे जा लगा। हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन रुद्री में नगर सैनिकों की नियमित फायरिंग ट्रेनिंग चल रही थी। सभी जवान .303 राइफल से निशानेबाजी का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान एक जवान की राइफल में तकनीकी खराबी आ गई और उसका चैंबर फट गया। विस्फोट के साथ निकला धातु का टुकड़ा (शेल) सीधे पास खड़े जवान को जा लगा।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घायल जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राइफल में तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद पुलिस लाइन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



