बिलासपुर, 07 मई 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गिफ्ट और हॉलिडे पैकेज के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। मैग्नेटो मॉल में संचालित क्लब्रियोंट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी पर लोगों को आकर्षक ऑफर और गिफ्ट का लालच देकर लाखों रुपए ठगने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने कंपनी के संचालक समेत 16 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल पर ऑफिस खोल रखा था। यहां लोगों को फोन कर बताया जाता था कि उनका नाम लकी कूपन में निकला है और उन्हें गिफ्ट लेने के लिए ऑफिस बुलाया जाता था। ऑफिस पहुंचने पर कर्मचारियों द्वारा आकर्षक हॉलिडे पैकेज और टूर ऑफर दिखाकर लोगों से रकम जमा कराई जाती थी।
पीड़ित अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी को उन्हें फोन कर गिफ्ट जीतने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद वे मैग्नेटो मॉल स्थित ऑफिस पहुंचे, जहां उन्हें हॉलिडे पैकेज लेने के लिए प्रेरित किया गया। अमित ने पहले 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए, फिर टिकट बुकिंग और अन्य शुल्क के नाम पर उनसे करीब 50 हजार रुपए और वसूले गए।
पीड़ितों का कहना है कि कंपनी के कर्मचारियों ने भरोसा दिलाया था कि यात्रा और पैकेज की पूरी जानकारी ईमेल के जरिए भेज दी जाएगी, लेकिन पैसे लेने के बाद कंपनी के फोन बंद आने लगे। जब अमित गुप्ता 24 अप्रैल को दोबारा ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। उसी दौरान कई अन्य लोग भी वहां पहुंचे, जो इसी तरह की ठगी का शिकार हो चुके थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक करीब 8 लाख 12 हजार रुपए की ठगी सामने आई है। जांच में पता चला है कि सुशांत कुमार से 76 हजार रुपए, रोहित शर्मा से 1.28 लाख रुपए, डॉ. शरद कर्णेवार से 1.10 लाख रुपए और अमित गुप्ता से 75 हजार रुपए वसूले गए हैं। इसके अलावा अन्य लोगों से भी बड़ी रकम ली गई है।
सिविल लाइन पुलिस ने कंपनी के मुख्य संचालक नागेश बालासाहेब साखरे और उसके सहयोगी श्रीमंत राम खांडे समेत किरण मुनी, इमरान अंसारी, साहिल ठाकुर, अक्षय मीठे, कपिल, आसीफ, मुस्कान गुप्ता, अनुराग, गुंजन, अजित ईश्वर जाटव, कुमुद, हितेश, पृथ्वी और अभिषेक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पीड़ितों का दावा है कि ठगी का कुल आंकड़ा 50 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है। उनका कहना है कि कंपनी के कर्मचारी रोजाना शहर और आसपास के लोगों को फोन कर गिफ्ट व हॉलिडे पैकेज का लालच देकर बुलाते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि अभी कई पीड़ित सामने आना बाकी हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी ने बिलासपुर के अलावा रायपुर के मैग्नेटो मॉल और भिलाई के सूर्या मॉल में भी अपने ऑफिस खोल रखे थे। यहां नौकरीपेशा और संपन्न लोगों को टारगेट कर क्रेडिट कार्ड व यूपीआई के जरिए रकम वसूली जाती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।



