9 Jul 2026, Thu

छत्तीसगढ़ को टूरिज्म का पावरहाउस बनाने की तैयारी: राजेश अग्रवाल का अफसरों को अल्टीमेटम, बोले—’डेडलाइन में पूरा करें हर प्रोजेक्ट’

सतीश शर्मा

रायपुर, 09 जुलाई 2026। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं, विकास परियोजनाओं, पर्यटन अधोसंरचना, सांस्कृतिक संरक्षण, प्रमुख पर्यटन स्थलों और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा, उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पर्यटन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन अधोसंरचना विकास, प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। वहीं संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने सांस्कृतिक संरक्षण, लोककला, लोक कलाकारों के संवर्धन, सांस्कृतिक आयोजनों, पुरातात्विक धरोहरों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

समीक्षा के दौरान राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक आस्था केंद्रों, जनजातीय परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण राज्य है। इन सभी विशेषताओं का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राकृतिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों के साथ-साथ लोककलाओं और सांस्कृतिक धरोहरों को व्यापक पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएं।

 

 

मंत्री ने कहा कि पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर अधोसंरचना और नए पर्यटन स्थलों का योजनाबद्ध विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संस्कृति विभाग को निर्देशित किया कि संग्रहालयों, सांस्कृतिक संस्थानों, पारंपरिक कला रूपों और सांस्कृतिक आयोजनों को अधिक प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित बनाया जाए, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।

पढ़ें   सामूहिक विवाह में विधायक ने लिए सात फेरे: दीपेश साहू के फैसले की चर्चा, मुख्यमंत्री बोले—‘समाज को दिया सकारात्मक संदेश’

उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी कार्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित किया जा सकता है।

बैठक में पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, अवर सचिव रुचि शर्मा, उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा सहित पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *