सतीश शर्मा
रायपुर, 09 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के मठपुरेना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में समाज सेविका एवं शिविर आयोजिका इंदिरा जैन के सहयोग से सीता मेमोरियल डेंटल हॉस्पिटल द्वारा नि:शुल्क दंत जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 350 से अधिक स्कूली बच्चों के दांतों की आधुनिक मशीनों से जांच की गई। हॉस्पिटल की सर्वसुविधायुक्त मोबाइल डेंटल वैन के माध्यम से बच्चों का परीक्षण किया गया।

शिविर के दौरान डॉ. प्रिया सराफ ने बच्चों को दांतों की सही देखभाल, नियमित सफाई और सही तरीके से ब्रश करने का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बच्चों को सुबह और रात में ब्रश करने, प्रत्येक भोजन के बाद कुल्ला करने तथा चॉकलेट, टॉफी और अन्य मीठी चीजों का कम सेवन करने की सलाह दी।
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। आयोजिका इंदिरा जैन ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे प्रत्येक शनिवार बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता और दंत स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देकर उन्हें स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के अंत में सुगंधा जैन ने सीता मेमोरियल डेंटल हॉस्पिटल की डॉ. प्रिया सराफ, उनकी पूरी टीम तथा विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। शिविर में जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क उपचार के लिए परामर्श दिया गया, जबकि गंभीर दंत समस्याओं वाले बच्चों को आगे के इलाज के लिए चिन्हित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि बच्चों में दंत रोगों की रोकथाम और बेहतर मौखिक स्वास्थ्य के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे नि:शुल्क शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जय भारत माता आराधना समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल कर्नावत, सचिव देवेंद्र अग्रवाल तथा विद्यालय की व्यवस्था संभाल रहे राजेंद्र फौजदार ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी। विद्यालय परिवार, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस शिविर को बच्चों के स्वास्थ्य के लिए एक सराहनीय और उपयोगी पहल बताया।




