23 Nov 2026, Mon
Breaking

छत्तीसगढ़ में अब बढ़ेगी रात की ठंड: बादलों के कारण थमा था तापमान, अगले दिनों में 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा

रायपुर, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से बारिश और बादलों के कारण ठंड का असर कम रहा है। समुद्र से आ रही नमी के चलते रात के तापमान में गिरावट नहीं हो पाई और कई इलाकों में पारा सामान्य से ऊपर बना रहा। हालांकि, अब मौसम साफ होने और उत्तर-पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

पिछले एक महीने में लगातार तीन तूफानों के प्रभाव से प्रदेश का सामान्य मौसमी क्रम प्रभावित हुआ है। समुद्र से आई नमी के कारण बारिश और बादलों का दौर बना रहा, जिससे रात में ठंड बढ़ने के बजाय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब आसमान साफ होने के साथ रात के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

दो दिन तक हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है।

जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान

रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी जगदलपुर में ही 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पढ़ें   1739 दिव्यांगजनों को मिली बड़ी सौगात : 3.58 करोड़ के उपकरण वितरित; जुनेजा स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 7 करोड़ की घोषणा

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दलदली और पत्थलगांव में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह के समय धुंध देखने को मिल सकती है। बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ आने वाले दिनों में रात की ठंड बढ़ने की संभावना है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed