सतीश शर्मा
रायपुर, 16 मई 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत शुक्रवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला पहुंचकर माता कौशल्या मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने माता कौशल्या और प्रभु श्रीराम से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री के मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति और ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था और परंपराएं प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी लगातार काम कर रही है।
मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया।
मुख्यमंत्री के अचानक आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और स्थानीय नागरिक इस अवसर पर मौजूद रहे।



