बिलासपुर, 21 मई 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पति की करंट लगने से मौत के सदमे में पत्नी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लगातार दो दिनों में एक ही घर से पति-पत्नी की अर्थियां उठने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर का है।

जानकारी के मुताबिक, रामनारायण केंवट की शादी करीब चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। 17 मई को रामनारायण घर में मोटर पंप चालू कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पति की अचानक मौत के बाद सुनीता गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के अनुसार वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। परिवार के लोग उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पति के बिछड़ने का दुख वह सहन नहीं कर पाई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात घर के सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान सुनीता ने अपने कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। देर रात जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बुधवार सुबह घटना की सूचना पचपेड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, करंट लगने से पति की मौत के दूसरे दिन पत्नी ने आत्महत्या की है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रामनारायण की मौत के बाद परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। वहीं, सुनीता की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उनके घर पहुंच गए। पोस्टमॉर्टम के बाद जब महिला का शव गांव लाया गया तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। लगातार दो दिनों में एक ही घर से दो अर्थियां उठने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



